आया है निमंत्रण ओपेन माइक का
यानी अपनी कविता दुनिया को सुनाने का
होंगी कुछ किताबें भी लांच जलसे में
होगा मज़मा मिलेंगे सभी एक अरसे में !
आयेंगे अपने क्षेत्र के दिग्गज सजाए ताज
विराजेंगे स्टेज पर बड़े लेखक कविराज
देंगे उपदेश होगा वहाँ उनका ही राज
प्रकाशक भी होंगे सुनायेंगे कई राग
लोग बेसब्री से बैठ उनको सुनेंगे
माला पुष्प उपहारों से सम्मानित करेंगे!
लंबा खिंचेगा जो उनका व्यक्तव्य
आकुल हो बाहर का रस्ता तकेंगे
ढूढेंगे चाय सैंडविच पर मरेंगे
पकौड़ों संग चटपटी चर्चा करेंगे
होगी दुआ सलाम नए परिचय बनेंगे
एकदूसरे की तारीफ़ में कसीदे कढ़ेंगे!
फिर आएगी कविता सुनाने की बारी
दर्शित होगी सब तब उनकी लाचारी
समय सीमा का फरमान तब आएगा
समय का चाबुक उनपर चलाया जाएगा
मीलों का फासला तय कर जो आए थे सारे
पूरा दिन बैठ सबको सुने थे वो बेचारे
जब आई इनकी बारी तो
आदेश हुआ मंच से
दो मिनट से ज्यादा न डटना माइक पे!
मंचासीन दिग्गज तो रूखसत भी हो चुके थे
व्यस्त थे और कई बड़े काम उनके धरे थे
किसको था टाइम नवागंतुकों को सुनना
बहुमूल्य समय अपना उनपर व्यर्थ करना
बचे थे वही बस जिनको सुनानी थी कविता
मजबूरी थी पारी की अपनी बाट जोहना
सुनाओ सब जल्दी बहुत लंबी है लाइन
जल्दी करो कम है सीमित तुम्हारा है टाइम
जैसे तैसे माइक सामने जो पाया
कविता अपनी सुना जैसे मुक्ति पाया
सारा मोह अब तक भंग हो चुका था
फिर न आगे सुनाने का तौबा किया था !!