वो जो घर से निकला था घर भरने को,

उसे कहाँ पता था घर उससे ही भरेगा। 


वो जो ज़िंदा सा निकला था मरने को,

उसे कहाँ पता था की वो नही मरेगा। 


है याद उसे भी माँ बाप का प्यार,

जाने को तो वो भी ना था तैयार, 

बात थी रोटी कपड़ों और बाजारवाद की, 

जब सब करते हैं वो क्यूँ नही करेगा। 

वो जो घर से निकला था .....


जब भाई बहन भी छूटे थे, 

दिल के सब तार भी टूटे थे, 

बात थी दवाई पढाई और रोजगार की, 

जब अपना नही पढ़ेगा तो कैसे बढ़ेगा |

वो जो घर से निकला था .....


धीरे धीरे आदत अपनो से दूरी की,

देते रहे दुहाई अपने मजबूरी की, 

बात थी और और और और कमाने की,

जब सब लड़ते हैं तू क्यूँ नही लड़ेगा।

वो जो घर से निकला था .....


बीबी और बच्चे भी साथ नही हैं,

लगता है मुझमे एहसास नही है, 

बात थी फिर रोटी कपड़ों दवाई पढाई और कमाने की, 

जब सब कर लिया तो ये कौन करेगा। 

वो जो घर से निकला था ..... 


- रविन्द्र राजदार