बेवजह फिजूल की बातों से, माहौल को गंदा करते हैं
जो काम नहीं कुछ कर पाते, वो केवल निंदा करते हैं

नाकारापन जीवन की सबसे गंभीर बीमारी है
भुगतने पड़ते लोगों को इसके परिणाम भी भारी है
काम के तो बस नाम से ही, जो महानुभाव घबराते हैं
केवल घर के ही नहीं वो इस धरती के बोझ कहाते हैं
बस हुनर से अपने गढ़े हुए, मुर्दों को जिंदा करते हैं
जो काम नहीं कुछ कर पाते, वो केवल निंदा करते हैं

यदि कर्म लोक में आए हो तो, फिर कर्म भी कुछ करना सीखो
जान लगाकर जीवन जीना, शान से तुम मरना सीखो
क्यूँ भटकते ही रहते हो हरदम, बिना लक्ष्य की राहों पर
जीवन में सैकड़ों दफा फिर हीन भावना से घिरकर
मौत के आने से पहले होकर शर्मिंदा मरते हैं
जो काम नहीं कुछ कर पाते, वो केवल निंदा करते हैं

~Ravi