गलतियों को अपनी तुम स्वीकार करना सीख लो
हर किसी से नेक तुम व्यवहार करना सीख लो
एक दिल भी जीत पाया न कोई हथियार से
संसार को ग़र जीतना तो प्यार करना सीख लो

आतंक का रस्ता वही चुनते हैं, जो कमज़ोर हैं
जिनका खुद के क्रोध पर, चलता नहीं कोई ज़ोर है
प्यार के रस्ते को चुनकर, तू नया आगाज़ कर
मिट गए, जो राज करते थे, कभी भू भाग पर
जीना है तो तुम दिलों पर राज करना सीख लो
एक दिल भी जीत पाया न कोई हथियार से
संसार को ग़र जीतना तो प्यार करना सीख लो

दहशत को जो फैला रहे पूछो उन्हें मिलता है क्या ?
चंद टुकड़े कागज़ों के, ढेर सारी बददुआ
नाम ना बनता कभी इंसानियत को मार कर
सदियों तलक दुनियाँ ये सारी याद रखेगी अगर
तुम किसी के भी लिए, इक बार मरना सीख लो
एक दिल भी जीत पाया न कोई हथियार से
संसार को ग़र जीतना तो प्यार करना सीख लो

~Ravi