भास्कर है नाम मेरा, सूर्य कहते हैं सभी
मैं रवि हूँ मैं रवि हूँ, मैं रवि हूँ मैं रवि
लाखों करोड़ों वर्ष पहले, मैं अकेला था खड़ा
क्यूँ न कुछ मैं सृजन कर दूँ, सोच में इक दिन पड़ा
सृष्टि के निर्माण का संकल्प, मन में भर लिया
अपनी अंतर-ऊर्जा को, मैंने फिर जागृत किया
ऊर्जा के वेग से फिर, मुझमें इक कंपन हुआ
धीरे-धीरे से मेरा फिर, नाभिकीय खंडन हुआ
चिर साधना से फिर अचानक, ध्यान मेरा हट गया
अनगिनत फिर छोटे-छोटे, टुकड़ों में, मैं बँट गया
सृष्टि का आरंभ मुझसे, मैं न मिटता हूँ कभी
मैं रवि हूँ मैं रवि हूँ, मैं रवि हूँ मैं रवि
मुझसे ही तो दूर होकर, पृथ्वी का उद्भव हुआ
बाद में किरणों से मेरी, जीव फिर संभव हुआ
चाँद, ग्रह, नक्षत्र, तारे, सब मेरे आसक्त हैं
एक मृत्यु दूसरा मैं, सृष्टि के दो सत्य हैं
मुझसे ही ऋतुएं बदलती, मुझसे ही दिन रात है
मुझसे जो नजरें मिलाए, किसकी ये औकात है
पेड़ पौधे और जंतु जीव की मैं आत्मा हूँ
सृष्टि के कण कण में समाया, मैं अमर परमात्मा हूँ
अनवरत जो चल रहा, हूँ काल की मैं वो गति
मैं रवि हूँ मैं रवि हूँ, मैं रवि हूँ मैं रवि
तत्व पांचों मुझसे हैं, मैं शून्य हूँ मैं अनंत हूँ
तीनों लोकों के लिए, मैं आदि हूँ मैं अंत हूँ
मेरी किरणों से हैं पोषित, खूबसूरत वादियाँ
पर मेरे अन्तस में चलती, हैं धधकती आंधियाँ
मैं तमस को हूँ मिटाता, मैं चमकती धूप हूँ
मैं ही हूँ जीवन का दाता, मैं प्रलय का रूप हूँ
ब्रह्माण्ड का मैं केंद्र बिंदु, मैं बहुत विकराल हूँ
मैं ही ब्रह्मा मैं ही विष्णु, मैं ही तो महाकाल हूँ
सब देवों का मैं देवता हूँ, पूजते मुझको सभी
मैं रवि हूँ मैं रवि हूँ, मैं रवि हूँ मैं रवि
~Ravi

