माना गंभीर बीमारी है, पर अपनी भी तैयारी है
औकात ही क्या कोरोना की, हमसे तो मौत भी हारी है

यदि चाहते हो कि कल, कोरोना नहीं इंसान रहे
तो कुछ आवश्यक बातें हैं, जिनका सदैव ही ध्यान रहे
नियमित धोना है हाथों को, रखना सामाजिक दूरी है
बचना है संक्रमण से तो, चेहरे पर मास्क जरूरी है
सूचना ये सार्वजनिक, जनता के हित में जारी है
औकात ही क्या कोरोना की, हमसे तो मौत भी हारी है

सारी दुनियाँ के ऊपर जब, महामारी के बादल छाए
रक्षा करने तब जीवन की, कुछ देवदूत बनकर आए
बस हार नहीं मानेंगे अपने मन में ये विश्वास लिए
लड़ते हैं दिन रात सतत् बिन प्राणों की परवाह किए
उन सारे योद्धाओं के हम, हृदय से आभारी है
औकात ही क्या कोरोना की, हमसे तो मौत भी हारी है

आहार वो ले जो पोषक हो और नियमित थोड़ा योग करें
जिस क्षेत्र में जितना संभव हो, उसमें उतना सहयोग करें
इन विषाणुओं के साथ युद्ध में चूक अगर हो जाएगी
तो सारी मानव संस्कृति, इतिहासों में खो जाएगी
कहीं चूक ना होने पाए ये हम सबकी जिम्मेदारी है
औकात ही क्या कोरोना की, हमसे तो मौत भी हारी है

~Ravi