मुश्किलें हैं ग़र हिमालय फिर भी हम टकराएंगे
जीत कर दिखलाएंगे हम जीत कर दिखलाएंगे
इस धरती से आकाश तक अपनी ध्वजा फहराएंगे
जीत कर दिखलाएंगे हम जीत कर दिखलाएंगे
सामर्थ्य पर अपने कभी, संदेह तुम करना नहीं
एक बार मरते है सभी, सौ बार तुम मरना नहीं
माना अभी संसार में, काली अमावस रात है
पर साथ हैं हम सब अगर, डरने की फिर क्या बात है
कल चीरकर के तम् की छाती, हम उजाला लाएंगे
जीत कर दिखलाएंगे हम जीत कर दिखलाएंगे
बुद्ध, जीसस और मोहम्मद ने दिए संदेश थे
गीता में श्री कृष्ण ने भी तो दिए उपदेश थे
निज स्वार्थ में उनके सिखाए पाठ को बिसरा रहा
इंसान ही इंसानियत का शत्रु बनता जा रहा
इंसानियत का पाठ इस दुनियाँ को हम सिखलाएंगे
जीत कर दिखलाएंगे हम जीत कर दिखलाएंगे
आज सारे जग को केवल, हम से ही तो आस है
पीछे कभी हटते नहीं, उनको अटल विश्वास है
बात जब अस्मत की हो, रख देते जीवन धार पर
अपनी पुरातन सभ्यता और संस्कृति के आधार पर
पूरे इस ब्रह्माण्ड के फिर से गुरु कहलायेंगे
जीत कर दिखलाएंगे हम जीत कर दिखलाएंगे
~Ravi

