तोड़ गुलामी की ज़जीरें, देश ने ली अंगड़ाई थी
और धमनियों में खूँ ने, अपनी रफ्तार बढ़ाई थी
ना जानें कितने वीरों ने, निज प्राणों की आहुति दी
तब जाकर के यारों हमनें, ये आजादी पाई थी
इसको अगर समझना चाहो, तो इतिहासों में झांको
आज़ादी अनमोल बहुत है, इसको कमतर मत आंको
नेताजी, आजाद, भगत सिंह, को हम कैसे भूल गए
आज़ादी की ख़ातिर जो, फांसी पर हँसकर झूल गए
और अहिंसा के पुजारी ने, भी तो लाठी खाई थी
तब जाकर के यारों हमनें ये आजादी पाई थी
ज़्यादा अगर नहीं कर सकते, तो केवल इक काम करें
देश के ऊपर मर मिटने वालों को सभी सलाम करें
सभी सांस ले खुली हवा में, देश सदा आज़ाद रहे
कल हम हो न हो पर अपना गुलशन ये आबाद रहे
इसीलिए वीरों ने अपने खूँ की नदी बहाई थी
तब जाकर के यारों हमनें ये आजादी पाई थी
वीरों ने सर्वस्व लुटाया, हम भी कुछ योगदान करें
सुंदर और स्वस्थ भारत का, मिलकर हम निर्माण करें
आज़ादी के शुभ अवसर पर सभी कसम ये खायेंगे
अपने भारत को हम फिर से विश्वगुरु बनायेंगे
जब भारत की विजय पताका, विश्वपटल पर छाएगी
वीरों की इस मातृभूमि को, खुशी तभी मिल पाएगी
~Ravi

