अगर ज़माने के साथ चलना ही सीख लेते तो क्या बुरा था?

चलो, ना चलते, महज़ टहलना ही सीख लेते तो क्या बुरा था?

बहुत शिकायत रही है तुमको – “हमें सिखाया नहीं किसी ने!”

किसी पे थोड़ा यकीन करना ही सीख लेते तो क्या बुरा था?

चलो हटा दो अदब, सलीके, रिवाज़-ओ-रस्में तमाम सारी

किसी से दो मीठी बात करना ही सीख लेते तो क्या बुरा था?

बस एक ज़िद कि वो एक बंदा मुझे मिले, और कभी ना जाए।

मियाँ सभी को दीवाना करना ही सीख लेते तो क्या बुरा था?

मुसीबतों से डरे हुए हो, यूँ बेबसी में पड़े हुए हो!

समय-समय पर संभल के चलना ही सीख लेते तो क्या बुरा था?