खो जाना...
दूर कही आसमान में,
किसी खूबसूरत से नज़ारे में,
बहती नदियों में,
किसी संगीत के धुन में,
भागते रास्तों में,
किसी कहानी में,
कितना सुकून देता है ना!
लेकिन खुद को खो देना...
बहुत दूर चलने के बाद,
अपने अथक प्रयासों के बाद,
बीते कल की पीड़ा के बाद,
आते कल की कोई राह ना दिखने के बाद,
अमावस की रात में चांद नजर न आने के बाद,
कितना पीड़ा देता है ना!
लेकिन खुद को खोज लेना...
खुद को धीरे धीरे खो देने के बाद,
हर दिन एक जंग जीत लेने के बाद,
हर बार हार कर फिर से खड़े होने के बाद,
हर दिन तिनका तिनका जोड़ने के बाद,
हर रात की एक नई सुबह के बाद,
खुदको कितना पूर्ण कर देता है ना!
~रौनक प्रवीन

