किताबों सा इश्क़ किसी से निभाएँ भी तो कैसे

ख़ामोश इन सफ़्हों पर कलम चलाएँ भी तो कैसे


आफ़ताब डरता हो जिससे वो आग हैं हम

उनके कहने भर से पानी बन जाएँ भी तो कैसे


तर हो चुके हैं हम आँसुओं में उनकी

इन नादाँ बादलों को ये समझाएँ भी तो कैसे


राहत सी मिलती है उन्हें हमारे खिले होने से

इस सर्द मौसम में अब हम मुरझाएँ भी तो कैसे


हमारी ही ख़ातिर हमसे दूरियाँ रखता है वो

अपने वास्ते हम उसके पास जाएँ भी तो कैसे


कुछ घोंसले अब भी हैं एकाध शाख़ों पर

इस शजर के हौंसलें बिखर जाएँ भी तो कैसे


साहिल से मीलों दूर निकल आएँ हैं हम

अपनी ही कश्ती से अब टकराएँ भी तो कैसे