तुम चले गये हो,
पर आज भी महसूस करती हूं,
तेरे प्यार की तपिश को,
आज भी जिंदा रखा है,
तेरे प्यार की कशिश को ।

आज भी तेरी यादें,
मेरे मन को सुलगाती है,
आज भी पूस की ठंडी हवा,
मेरे तन को भेद जाती है।

तब लपेट लेती हूं, खुद को,
खुद के ही आंचल से,
समेट लेती हूं खुद को,
खुद के ही बांहों में ।

और महसूस करती हूँ तुम्हें,
जब भी जाड़े की धूप,
मेरे तन को छू जाती है।