शायद वही पतझड़ का महीना होता है जिसे लोग याद नहीं करना चाहते। लोग गिरते हुए पत्तों को देखकर अपने बुरे दिनों को याद करने लगते हैं, जैसे उनकी सारी उम्मीदें भी उन पत्तों की तरह एक-एक करके गिरती चली गईं हों। पतझड़ की शुरुआत होते ही सारे पेड़ उदास हो जाते हैं, जैसे अपने पत्तों के गिरने का हिसाब लगा रहे हों, इस उम्मीद में कि शायद कोई पत्ता बचा रह जाए।
निस्संदेह, उन्हें अपने पत्तों के गिरने पर दुःख होता होगा, लेकिन शायद उनके असली दुःख का कारण वे पक्षी होते हैं जिनके घोंसले अब सुरक्षित नहीं रहे। इंसान की प्रवृत्ति ही ऐसी है कि जो भी चीज़ गिरती या मुरझाती है, उसे वह दुख का प्रतीक मान लेता है।
पर क्या आपने उस लड़के के बारे में सुना है जो हर साल पतझड़ के आने का बेसब्री से इंतजार करता था? उसका नाम तो याद नहीं, लेकिन आप उसे अपना नाम दे सकते हैं। वो इतना भी अजनबी नहीं था कि आप उसे अपनाने से इनकार कर दें। दरअसल, वह बहुत भोला और मासूम था। बस उसे पतझड़ के आने पर खुश देखकर ये मत सोचिए कि वो लड़का पागल होगा, जो इस ‘मनहूस’ महीने का इंतजार करता होगा।
उसकी उम्र कोई 12 या 13 साल की रही होगी। वह किसी अमीर परिवार का नहीं था, बल्कि एक मजदूर का बेटा था, जो एक छोटी सी झोपड़ी में रहता था। स्कूल जाने की तो उसने कभी सोची भी नहीं थी। उसकी झोपड़ी पहाड़ियों के बीच बसे एक गांव में थी, जहां पक्के मकानों के पीछे छिपी उसकी झोपड़ी शायद ही किसी की नजर में आती हो।
उसके घर में उसकी मां और उसकी छोटी बहन थी, जो बस 4 साल की थी। उसकी मां काम में लगी रहती और वह अपनी बहन के साथ खेलता रहता। एक दिन जब उसके पिता काम पर जा रहे थे, तो लड़के ने जिद करके उनके साथ जाने की ठान ली।
रास्ते में चलते हुए उसे एक बड़ा सा घर दिखाई दिया, जो पेड़ों और उनकी हरियाली से ढका हुआ था। घर के सामने एक छोटी सी चारदीवारी थी, जिसके अंदर एक खूबसूरत बगीचा था, जिसमें झूला और रंग-बिरंगे फूल थे। अचानक उसे घर के अंदर से किसी बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी, और उसके कदम ठिठक गए। उसकी नज़र घर के चारों ओर घूमने लगी, लेकिन उसे समझ नहीं आया कि वो आवाज़ कहाँ से आ रही है।
बहुत कोशिश करने के बाद उसकी नज़र एक खिड़की पर पड़ी, जो ज्यादातर पत्तों से ढकी हुई थी। उसे लगा शायद वहीं कोई छोटी बच्ची खड़ी है और रो रही है। लड़के ने बहुत कोशिश की उसे ठीक से देख सके, लेकिन पत्ते रास्ता रोक रहे थे। उसने दिल से चाहा कि कोई तेज़ हवा का झोंका आए और वह बच्ची उसे साफ दिखाई दे, लेकिन ऐसा होना आसान नहीं था।
अब उसका मन हर वक्त उसी बच्ची के बारे में सोचता रहता। वह रोज़ अपने पिता के साथ जाने की जिद करने लगा, ताकि एक दिन वह उस बच्ची को देख सके। एक दिन उसने अपनी मां को कहते सुना, "अब पतझड़ शुरू होने वाला है, उम्मीद है इस बार ढेर सारे सूखे पत्ते मिल जाएंगे, जिससे जानवरों के लिए चारा जुटाने में मदद हो सकेगी।"
लड़के के दिमाग में सवाल उठा कि पतझड़ का पत्तों से क्या मतलब है? उसने अपनी मां से पूछा। मां ने समझाया, "बेटा, पतझड़ में ही सारे पत्ते गिरते हैं।" यह सुनते ही उसके चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई। अब वह पतझड़ का बेसब्री से इंतजार करने लगा, ताकि पेड़ों से पत्ते गिरें और वह उस खिड़की वाली लड़की को देख सके।
एक दिन जब वह अपने पिता के साथ जा रहा था, तो एक पीला पत्ता उसके सामने गिरा। उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। अब वह रोज़ उस घर के सामने खड़ा हो जाता और हर पत्ते के गिरने का इंतजार करता। धीरे-धीरे सारे पत्ते गिर गए और अब खिड़की साफ दिखाई देने लगी थी। उसके मन में उम्मीद थी कि वह लड़की अब सामने आएगी।
लेकिन क्या यह सच में होने वाला था? शाम ढल गई, पर वह लड़की नहीं आई। निराश होकर वह घर लौट आया। पूरी रात वह जागते हुए बस उस पल का इंतजार करता रहा कि कब सुबह होगी और कब वह उसे देख पाएगा।
सुबह हुई, और सूरज की किरणें मानो उसे जगाने की कोशिश कर रही थीं। आंख खुलते ही वह तेजी से उस घर की ओर दौड़ पड़ा। वहां पहुंचकर उसने देखा कि सारे पत्ते गिर चुके हैं और खिड़की बिल्कुल साफ दिख रही है। वह खिड़की के सामने खड़ा होकर इंतजार करने लगा। लेकिन ना जाने कौन उसकी बेताबी का आनंद ले रहा था।
कुछ समय बीता और वह बेचैन होने लगा। वह सोचने लगा कि शायद वह अभी सो रही है, और थोड़ी देर में जागकर सामने आएगी। उसकी धड़कनें तेज हो गईं, जैसे अब और इंतजार नहीं हो सकता था। तभी उसे किसी के आने की आहट सुनाई दी। एक बूढ़ा आदमी उसके पास आया और बोला, "बेटा, किसका इंतजार कर रहे हो? इस घर के सारे लोग पतझड़ शुरू होते ही कहीं चले जाते हैं और नए मौसम के साथ ही वापस आते हैं। इसी महीने उन्होंने किसी अपने को खो दिया था।"
राशिद अली गाज़ीपुरी
11 फरवरी, 2015

