जब सुनी कोई करतल ध्वनि,
या जब कोई हलचल हुई,
और जब बरखा चंचल हुई,
तब व्यथा एक अविरल हुई।

फिर समक्ष कुछ संवाद आ गए,
और हुआ यूँ तुम याद आ गए...

जब मधुप ने मकरंद पिया,
और मधुक ने कोई छंद किया,
जब सम्मुख कोई आनंद लिया,
या विमुख ने कोई द्वंद्व किया…

फिर भीतर कुछ जज़्बात आ गए,
और हुआ यूँ तुम याद आ गए...

जब जीवन में कोई हार मिली,
या नैया को पतवार मिली…
जब खुशियाँ ही अम्बार मिली,
या दुनिया ही बेज़ार मिली…

तब लब पर बन फ़रियाद आ गए,
और हुआ यूँ तुम याद आ गए।