रमेशराज की हाइकु विन्यास में ग़ज़ल-11
--------------------------------------
भूल चुके हैं / प्रियतम को जब / बेचैनी कैसी ?
माना सुख-सा / हर ग़म को जब / बेचैनी कैसी ?
उसके लब की / इक जलधर की / रंगीं रातों की
प्यास नहीं है / अब हमको जब / बेचैनी कैसी ?
आज प्रीति का / भोग न रुचिकर / प्राणों को लागे
माना नीरस / मधुसम को जब / बेचैनी कैसी ?
बेगानों हित / सहज प्रफुल्लित / रातों-बातों में
हमने देखा / हमदम को जब / बेचैनी कैसी ?
दूर-दूर हैं / हम उपवन की / हूकों-कूकों से
आज न चाहें / छम-छम को जब / बेचैनी कैसी ?
+रमेशराज

