समीक्षा
‘ओ अमलतास’ ; सामाजिक बहेलियों से जूहते नवगीत
डा राधेश्याम बन्धु
‘ओ अमलतास’ हिन्दी के चर्चित नवगीतकार ‘रमेश प्रसून’ का सद्यः प्रकाशित नवगीत संग्रह है, जिसमें सामाजिक असंगतियों और अत्याचार के ‘बहेलियों’ से जूझते साठ यथार्थवादी नवगीत संग्रहित हैं! इसमें कोई दो राय नही है कि छायावादकालीन गीतकारों जैसे प्रसाद, पन्त. निराला, महादेवी वर्मा का हिन्दी गीतकाव्य को समृद्ध करने में बहुत बडा योगदान है! किन्तु वहीं उनकी आत्मपरक संयोग-वियोग की अनुभूतियों की अभिव्यक्ति ने उनकी रचनाशीलता को सीमित भी कर दिया था ! इसलिये १९५० तक आते-आते छायावादकालीन गीतों में एक दुहराव, ठहराव की नीरसता भी दिखने लगी थी और उनका विकास भी रुक गया था! इसलिये १९६० में निराला ने हिन्दी गीतकारों को अपने गीतों की अन्तर्वस्तु में ‘समष्टिवादी यथार्थवाद’ अपनाने की सलाह दी थी और इसी के परिणामस्वरूप ‘साठोत्तरी गीतकाव्य’ का जन्म हुआ था, जो आगे चलकर कालान्तर में कुछ परिवर्तनों के बाद ‘नवगीत’ के नाम से चर्चित हुआ!
किन्तु वहीं हमें यह भी याद रखना चाहिये कि निराला के इस यथार्थवादी नवगीत को वर्तमान मुकाम तक आने में काफी मुश्किलों का सामना भी करना पडा है! इस विरोध की मुहिम में केवल परम्परावादी आत्ममुग्ध गीतकार ही नहीं शामिल थे बल्कि आधुनिकतावादी गद्य कवियों और समीक्षकों ने भी गीत और नवगीत को ‘मृतप्रायः’ कहकर इतिहास की टोकरी में डाल देने की साजिश की थी! इस साजिश को ध्यान में रखकर १९८० में ‘’समग्र चेतना’ (सं. डा.राधेश्याम बन्धु) ने ‘नवगीत अभियान’ चलाकर नवगीत के खिलाफ चल रही सारी साजिशों को निरस्त किया था और नवगीत को पुनर्प्रतिष्ठित करने का एक साहसिक काम किया था और इसी नवगीत अभियान के अन्तर्गत २०१२ में ‘नवगीत के नये प्रतिमान’ पुस्तक प्रकाशन का भी एक ऐतिहासिक कार्य सम्पन्न हुआ था जिसमें बारह नवगीत के मानकों की हिन्दी कविता के इतिहास में पहली बार घोषणा की गयी है, जिसके माध्यम से नवगीत की रचनाशीलता को वस्तुवादी दिशाबोध देने का कार्य सम्भव हो सका है!
जब हम ‘ओ अमलतास’ नवगीत संग्रह की चर्चा कर रहे हैं तो यह सवाल उठ सकता है कि हमें इन नवगीत के मानकों की जानकारी है या नहीं है? साथ ही हमें यह भी विदित होना चाहिये कि हिन्दी गीतकाव्य की दुनिया में ‘नवगीत’ का आविर्भाव कैसे हुआ और इसकी रचनाशीलता की ऐतिहासिक भूमिका क्या है? इसकी सामाजिक चेतना और वर्गीया चेतना क्या है? यदि नवगीतकार को यह पता नहीं है कि उसका नवगीत शोषक के साथ खडा है या शोषित के साथ? तो वह कवि शोषित जनता को न्याय कैसे दिला सकता है? नवगीत यदि शोषित को न्याय नहीं दिला सकता तो वह नवगीत नहीं हो सकता! मैनें कई नवगीत संग्रह देखे हैं, लेकिन मुझे किसी नवगीतकार की भूमिका में ‘नवगीत की वर्गीय चेतना’ या नवगीत के प्रतिमानों की चर्चा देखने को नहीं मिली! यदि हम मानवतावाद के सच्चे पक्षधर हैं तो हमें ‘नवगीत की वर्गीय चेतना’ से परिचित भी होना चाहिये!
मुझे इस बात की खुशी है कि ‘ओ अमलतास’ नवगीत संग्रह के रचनाकार रमेश प्रसून ने अपने यथार्थवादी नवगीतों से सिद्ध कर दिया है कि वे नवगीत के प्रतिमानों से परिचित हैं और उनका अपने नवगीतों मे प्रयोग करना भी जानते हैं! उनका एक नवगीत है ‘बहेला हंसता है’! इसकी कुछ पंक्तियां यहां दृष्टव्य हैं-
फेंक - फेंक कर जाल बहेला हंसता है,
कौन – कौन किसके फेरे में फंसता है,
चिडिया ने तो तिनका-तिनका
बीना है
दाना उसका था किसने
आ छीना है,
आजादी का घर पिजरे में
बसता है !
( पृष्ठ ९९)
यह यथार्थवादी नवगीत ‘वर्गीय चेतना’ का एक सार्थक उदाहरण है! यहां ‘बहेला’ और ‘चिडिया’ प्रतीक के माध्यम से कवि ने समाज के शोषक और शोषितके अन्तर को व्याख्यायित तथा परिचित कराने का बहुत सटीक प्रयास किया है! समाज के बहेलिये अर्थात अराजक मुखिया, नेता अपनी साजिशों के जाल समाज में बिछाते रहते हैं और उसमें निरीह पंछी की तरह गरीब आदमी फंसते रहते हैं! इसप्रकार जिस पंछी ने बडी मेहनत से अपनी गृहस्थी का तिनका-तिनका जोडा था और दाना जुटाया था, वह सब बहेलिये लूट ले जाते हैं! इससे सिद्ध होता है कि पूरे समाज की आजादी शोषकों के पिजडे मे आज भी कैद है और गरीब आदमी आज भी शोषित होने के लिये अभिशप्त है! इसी प्रकार ‘अर्थ खो दिया शब्दों ने’ नवगीत भी आज के समाज के गून्गेपन पर व्यंग्य करते हुए कहता है-
‘अर्थ खो दिया शब्दों ने,
जबसे अपने घर में
हम गूंगापन लिये घूमते,
हैं अपने स्वर में,
उन्हें शिकायत है कि, हम उनको नहीं पहचाने
उनसे क्या हम रहे स्वयं तक से भी अनजाने,
कई-कई विग्यापन भी
बंटवाये जग भर में!
(पृष्ठ ५९)
यह व्यंजनापूर्ण नवगीत भी आज के कमजोर लोकतन्त्र पर व्यंग्य करते हुए कहता है कि आज के अराजक और क्रूर समाज के नेता इतने हृदयहीन हो गये हैं कि उनके सामने गरीब और शरीफ आदमी के सही शब्द भी बेमानी और गूंगे हो जाते हैं अर्थात आज दबंगों के सामने गरीब की बात या फरियाद कौन सुनता है? फिर भी वे कहते हैं कि उनको कोई जानता नहीं है! लेकिन सच्चाई यह है कि आज के भयावह समय में जब आदमी स्वयं अपनी ही पहचान खो चुका है तो वह दुसरों के बारे में क्या कहे? फिर भी जब कोई नहीं सुनता है तो यही दबे-कुचले गरीब मजलूम एक दिन क्रान्ति के अन्गारे भी बन जाते हैं! इसी भाव को व्यक्त करता हुआ नवगीत है ‘हम अंगारे हैं’! इसकी कुछ पंक्तियां यहां दृष्टव्य हैं-
‘’हम आग से उपजे हैं अंगारे हैं
हमें तपन से प्यार है, जलन के प्यारे हैं
छूना मत भई छूना मत,
जल लाओगे तुम जो हम कुछ बोलेंगे,
हम तो केवल बात तुम्हारी खोलेंगे,
पड जायेंगे कई फफोले तुम पर भी
हम यदि अपनी जख्मी छाती खोलेंगे,
दर्दों के वाहक दर्दों के मारे हैं
छूना मत भई छूना मत !’’
(पृष्ठ १३६)
‘हम अंगारे हैं’नवगीत अपनी वस्तुवादी रचनाशीलता का एक जाज्व्ल्यमान यथार्थवादी उदाहरण है और एक जागरूक रचनाकार का परिचायक भी है ! इसके कवि रमेश प्रसून ने शोषित और उत्पीडित मजलूमों के दर्द की मुक्तिकामी चेतना का बहुत प्रभावी चित्रण किया है! इसका सारांश यह है कि दुनिया में जो भी क्रान्तियां हुई हैं उसका नेतृत्व सर्वहारा मजदूरों और मजलूमों ने किया है! इसलिये उसका यह कथन ‘हम अंगारे हैं’ सर्वथा सार्थक और प्रेरक है! और शोषक समाज को चेतावनी के स्वर में कहता कि तुम हमको छूना नहीं अन्यथा तुम भी जल जाओगे, और जब हम मुह खोलेंगे तो तुम्हारे काले कारनामों का पर्दाफास भी करके मानेगें!
इसी प्रकार इस नवगीत संग्रह में कई और सशक्त नवगीत के उदाहरण हैं जो नवगीत की सामाजिक चेतना, वर्गीय चेतना, वस्तुवादी आलोचना और जिओ और जीने दो प्रतिमानों के सार्थक उद्घोषक हैं जैसे ’लडाई शेष है’, ‘मौसम ने चांटा मारा’, ‘चीख रही है मछली’, ‘या नदिया प्यासी है’, ‘मांझी खेना धीरे नाव’, ‘सांपनाथ नागनाथ’, ‘रह गया इंसान पीछे’, ‘हल हुआ न जिन्दगी का हाल’, ‘खुशबू के घाटे हैं’, ‘है पेट खाली’
आदि
‘ओ, अमलतास’ के ये यथार्थवादी नवगीत हमारे इस विश्वास को मजबूत बनाते हैं कि निराला के ‘समष्टिवादी यथार्थवाद’ की अवधारणा ने हिन्दी गीतकाव्य को समृद्ध किया है और उसको आगे बढाने वाली वैचारिक जागरूकता और सोद्देश्यता भी प्रदान की है! हमें विश्वास है कि रमेश प्रसून अपने आगामी नवगीत संग्रह मे भी ‘’हम अंगारे हैं’’ की रचनाशीलता के ऊर्जा से हमें ऊर्ज्सवित करेंगे!
पताः बी-३/१६३, यमुना विहार, दिल्ली-११००५३
समीक्ष्य पुस्तकः ‘ओ अमलतास’’
लेखकः रमेश प्रसून
प्रकाशक ; समन्वय प्रकाशन, कविनगर, गाजियाबाद-२०१००२
मूल्य -३५०/ पृष्ठ -१६८

