इन अधूरी आँखों में काज़ल लगा लो
पढ़ ना ले कोई इन्हें इनको सजा लो

आज दिन तारीक दिखता है ये फिर से
क्यूँ ना तुम फिर से ज़रा सा मुस्कुरा लो

दिल में सब बिखरा पड़ा है देखो तुम ये
अपने घर का हर कोई कोना सजा लो

आज बरसा है ये बादल ज़ोर से फिर
तुम भी अपने सूखे कुछ सपने भिगा लो 

उसके आने की ख़बर आयी है फिर से
अपने घर के तुम सभी परदे गिरा लो

सज रहीं हैं महफ़िलें हर रोज़ अब तो
तुम ज़रा ख़ुद से भी तो नज़रें मिला लो

आज फिर दिल डूबता है देखो मेरा
आज फिर जामों में कुछ किस्से बहा लो

बह रहे हैं घाव मेरे क़तरा क़तरा
अब तो अपने ज़ख्मों पे मरहम लगा लो

हो चली है रात मेरे घर में भी अब
तुम सुलगते दिल को भी अब तो बुझा लो

-Rमन