कल ही किसी अख़बार में पढ़ा कि फला राजनीतिक पार्टी ने किसी मंत्री और उनके समर्थकों के घर चूड़ियाँ भिजवाई। अब पार्टी और मंत्री के बीच जो भी मतभेद या विवाद रहा हो उससे मुझे कोई लेना देना नहीं, मुझे तो हमेशा से शिकायत इस बात से रही है कि भारत में आज भी किसी की निर्बलता को बताने के लिए चूड़ियों का सहारा क्यों लिया जाता है? क्यों किसी व्यक्ति के कायर या दुर्बल होने पर चूड़ियों को कमज़ोर ठहराया जाता है?
"लो चूड़ियां पहन लो, तुमने क्या हाथ में चूड़ियां पहन रखी है, तुम तो बस चूड़ियां पहनों, घर बैठों और चौका-बर्तन करो।" ऐसे ही कई कटुक-कसैले व्यंग्य चूड़ियों पर आए दिन कसे जाते हैं।
जिन चूड़ियों ने इस देश को अंग्रेज़ों से मुक्त कराया, एक सशक्त हथियार बनकर अपने देश का मान बढ़ाया; आज क्यों उन चूड़ियों को निःशक्त समझकर धुत्कारा जाता है? आप जिस लोकतंत्र, जिस राजतंत्र को बचाने की बात करते हैं, उसकी आधारशिला भी तो ये चूड़ियां ही रही है, जिस गौरवशाली इतिहास की गाथा सुनाते हैं, उसकी दास्तां भी तो ये चूड़ियां ही कहती है, इतिहास के हरेक पन्ने पर चूड़ियों का नाम स्वर्णिम अक्षरों में अंकित है। तो फिर आप कौन होते हैं वर्तमान में इन चूड़ियों की महत्ता को धूमिल करने वाले?
आपको याद दिला दूं कि, पंद्रहवीं शताब्दी में जब मुगल साम्राज्य अपनी जड़ें पूरे भारत में फैला रहा था, तब पूरे गौंड साम्राज्य को मुगलों से आखरी साँस तक बचाने वाली वो 'चूड़ी पहनी एक वीर साम्राज्ञी रानी दुर्गावती' ही थी, हिंदू समाज और मराठा साम्राज्य के संरक्षक छत्रपति शिवाजी महाराज की जननी वो 'चूड़ी पहनी माता जीजाबाई' ही थी, ताश के पत्तों की तरह बिखरे होलकर साम्राज्य को फिर से प्रभावशाली रूप में स्थापित करने वाली एक कुशल राजनीतिज्ञ वो 'चूड़ी पहनी बहादुर शासिका देवी अहिल्याबाई' ही थी, मैदान में अंग्रेज़ो के छक्के छुड़ाने वाली प्रथम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हाथ में 'चूड़ी पहनी वो झांसी की रानी लक्ष्मीबाई' ही थी। आज भी लोग बड़े गर्व से उनकी शौर्य गाथा गुनगुनाते हैं-
"चमक उठी सन सत्तावन में, वह तलवार पुरानी थी,
बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,
खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी।"
इसके अतिरिक्त मानव जाति के कल्याण हेतु पृथ्वी पर प्रभु के विभिन्न रूपों की जननी माता पार्वती, माता यशोदा, माता कौशल्या तथा माता सीता भी तो चूड़ियां ही पहनती थी।
विवेकानंद, सुभाषचंद्र बोस, भगतसिंह आजाद जैसे अनेक महापुरुषों से इस धरा को विभूषित भी तो चूड़ी पहनी कुछ महान स्त्रियों ने ही किया।
आप क्यों भूल जाते हैं कि जितनी भी बार आप इन चूड़ियों को कलंकित करने का प्रयास करेंगे, उतनी ही बार ये अपना नाम विश्वपटल पर अंकित करवाती रहेगी। यदि निर्बल, कायर और एक अबला की निशानी के रूप में आप चूड़ी शब्द का प्रयोग करते हैं, किसी पुरुष के पौरुष को जगाने के लिए आप बार बार चूड़ियों का सहारा लेते हैं तो काफी शर्मनाक बात है ये! आपको बता दूं कि "इन चूड़ी पहनी नारियों से ही वीर हैं, वीरांगनाएं हैं, सम्पूर्ण विश्व की महत्वाकांक्षाएं हैं।"
चाहे सामाजिक हो या आर्थिक, राजनीतिक हो या साहित्यिक हर क्षेत्र में ये चूड़ियां ही है जो किसी न किसी रूप में अपना महत्व प्रतिपादित करती आयी है।
किसी ने बहुत ही सही लिखा है चूड़ियों का महत्व प्रतिपादित करते हुए-
"पन्ना, पद्'मिनी और अहिल्या ताक़त झांसी रानी की,
मर्दों से ना कम आंको, जब बात चले कुर्बानी की।
नारी अत्याचार, दहेज़, शोषण के विरुद्ध जब लड़ती है,
मर्द हो कितना शक्तिशाली, चूड़ी कम नहीं पड़ती है।
रक्षा

