प्यार को इतने नज़दीक से देखा है

उसकी रोशनी में हम ने अपना अक्स देखा है


दिल की डोर ने उनकी पलकों को झुका रखा है

यादों के धागों ने उनकी सांसों को महका रखा है


आसमां निहारते हम ने उनके इंतज़ार को देखा है

बादलों में सिमटते हम ने उनके इज़हार को देखा है


सुबह की ओस में उन्हें प्यार के पल चुनते देखा है

इस सफ़र में इन मोतियों को हम ने सागर बनते देखा है


रात दिन हैं पलटते पन्नों की तरह, श्वांसों ने इस किताब को देखा है

ज़रा आहिस्ते से आना, हम ने प्यार की ग़ज़ल को बनते देखा है