अगर तुम प्रयागराज कुंभ जाओ

डुबकी लगा कर वापिस मत चले आओ


ज़रा झुको, फिर ये प्रीत कुंभ उठाओ

मानवता का अमृत लोगों तक पहुँचाओ


लाखों की धड़कन से जुड़ जाओ

फिर मिल कर मैत्री भोज बनाओ


गंगा स्नान कर मन के मैल मिटाओ

प्रेम रस धारा का तिलक लगाओ


इस सफ़ेद रेत के हर कण में युग देखो

जात पात, भेद भाव के कीचड़ छोड़ो


गंगा आरती की लौ में परब्रह्म जगाओ

इस अलख में चेतना के सपने सजाओ


इस संगम को सिर्फ़ धारों का विलय मत समझो

ये है आईना, इसमें 140 करोड़ के चेहरे देखो 


कुंभ है महायज्ञ, दिल के अंधेरों की आहुति चढ़ाओ

द्वेष, हिंसा के धर्म संसद छोड़, प्रीत की रीत चलाओ


आंगन से आंगन जोड़ो, लहर से लहर जोड़ो

दिलों के धागों से इस कुंभ का गौरव बढ़ाओ


इस महासभा को निष्ठा, विज्ञान का संदेश सुनाओ

इस महासंगम को प्रगति का प्रकाश स्तंभ बनाओ