वो नफ़रत करते, लोग शहर छोड़ देते
वो अपने पड़ोसियों से मन मोड़ लेते
वो गलियों की रौनक पांव तले रौंद देते
वो छज्जों से सूखते पल्लू झंझोड़ देते
जब मन में कोई सुकून नही ठहरते
बंद कमरों में नाकामी के बोझ बढ़ते
हालातों के दोष लोग दूसरों पर मढ़ते
जल्दी तब नफ़रत के बाज़ार खुलते
मोहब्बत के नग़मे, इस माहौल में गाए कौन
तपती दोपहर की चुभन, पलकों से उठाए कौन
धूल धूसित पेशानियों को, हाथों से सहलाये कौन
बुलडोज़र के बवंडर में, प्रेम की बंसरी बजाये कौन
कहां हैं वो जो सितारों से आंखें चुराते नही
कहां हैं वो जो रोशनी के जाम छलकाते नही
कहां हैं वो जो दोपहर की तपिश में कुम्हलाते नही
कहां हैं वो जो शाम की सुनसान राहों में घबराते नही
चाहें कितने क़हर बरसे, लोग यहां जीते हैं सुबह की रोशनी की तरह.
मुस्कुराते हैं वो बेरहम काँटों के बीच, डालों से गिरते फूलों की तरह
नही ‘रोती नरगिस यहां अपनी बेनूरी पर’, चाहें आसमां तड़पे भादों में जेठ की तरह
सदियों से रोशनी है यहां नूर-ए-इलाही, ये दौर भी छटेगा मटमैले बादलों की तरह