रात चाहें कितनी लंबी हो, क्या अंधेरों को मेहमान बनाना चाहिए
चिराग़ चाहें बुझ रहे हों, क्या उजालों का अहसान भुलाना चाहिए
खामोशी का अब इक दौर शुरू हुआ है जेपी की इस क्रांतिभूमि में
डर के सन्नाटे पहले भी देखे हैं, सत्ता के किलों की खातिर क्या आसमान झुकाना चाहिए
भीड़ की दरिंदगी देखी है छज्जों से मासूमों ने, खाक हुए हैं सपने उनके पल भर में
घर बार, आस पड़ोस, इक धुएँ में लिपट कर रह गए, ऐसी यादों को क्या अनजान बताना चाहिए
हालात से बेख़ौफ़, कट्टे और तमंचे चला रहे हैं, आज के नौजवान अपनों पर ही
जिंदगियों को धुएँ में मिलाते, इन मुजरिमों को क्या इस देश की पहचान बनाना चाहिए
सरयू शर्मसार, सोमनाथ का रोशन जल अवाक, इक अंधेरा उठ रहा है पूरब से
करोड़ों मोहरे गिर रहे हैं नफ़रत की घाटियों में, क्या उन्हे भी इंसान बनाना चाहिए