न धूप है, न छाँव, धूल की क़ैद में है सवेरा फिर से
डर है कहीं भूल न जाऊँ, उजालों का चेहरा फिर से
आसमान खो गया है, जैसे कोई मटमैली तस्वीर हो
शाख़ें हैं बदहवास, फ़िज़ा पर है धुएँ का सेहरा फिर से
कुछ साल और निकल जाएँगे, रोशनी से इस लुकाछिपी में
रोशनी भूले नहीं हैं, बस अंधेरों ने यहाँ कर लिया है बसेरा फिर से
आलम ये है साँस लेना है मुश्किल, कल की क्या सोचें
आज के मोती तो बिखर गए, कल को कोई बना लेगा मोहरा फिर से
यहाँ कोई मसीहा नहीं आने वाला, रात दिन साँसों के इस खेल में
हर साँस को हमनफ़स बनाना होगा, हर साँस को मिले सवेरा फिर से