तुम चलो, तो ख़ामोशियों को ज़ुबां मिल जाए

तुम रुको कहीं, तो ख़्वाबों को जहां मिल जाए


तुम आहें भरों, तो चांद चलते चलते बादलों में रूक जाए

तुम उलझनों में सिमटो, तो तारों को दास्तां मिल जाए


तुम पलकें झपकाओ, तो आसमां डालियों के पीछे उतर जाए

तुम निगाहें मिलाओ, तो रात को रोशन कारवां मिल जाए


तुम लम्हों को सांसों में भर लो, तो सिलसिले बन जाएँ 

तुम गिरती पत्तियों को अपनाओ, तो बागबाँ मिल जाए


तुम प्रेम के धागों से जोड़ो, तो  जज़्बातों को मक़ाम मिल जाए 

तुम मोह के बंधन बांधों, तो काँटों को भी आशियाँ मिल जाए 


तुम रोशनी की गागर उठाओ, तो आसमाँ अपने अक्स से शरमाए 

शमा बुझ भी जाए, तो भी उजियारों की दुनिया मिल जाए 


तुम सरयू का अभिषेक करो, तो इंसा की तस्वीर मन में समाए

तुम गंगा को गवाह बनाओ, तो इंसाफ़ को मेहरबां मिल जाए