बिन चाह के, अल्फ़ाज़ों की चाहत में क्या रक्खा है 

बिन भाव के, अल्फ़ाज़ों की इबादत में क्या रक्खा है 


दिल की सच्चाई महकती है चम्पा सी आँगन में 

बिन साच के, अल्फ़ाज़ों की इबारत में क्या रक्खा है 


जब अरदास करो तो पाप पुन्य का क्या हिसाब रखना 

बिन मन के आब के, त्रिवेणी की नियामत में क्या रक्खा है 


प्यार का इज़हार ऐसे करें, हर खामोश श्वांस को अल्फाज़ मिल जाएँ 

बिन बेबाक श्वांसों के, जनम जनम की मोहब्बत में क्या रक्खा है 


अल्फाजों की कटार जब उठे, तुम अल्फाजों का मरहम बन जाना 

बिन प्रीत की रीत के, इस अधूरी जम्हूरियत में क्या रक्खा है 


अल्फ़ाज़ों के खेल में मायने ख़त्म न हो जाएँ, मायने में ब्रह्म बसता है 

बिन मायने के, इस दुनिया की सुबह शाम की तिजारत में क्या रक्खा है