वो सांवली सलोनी लड़की,
कहाँ होगी अब,
जिसके श्वांस छिद्रों से,
धुआं निकलता देख,
झूम उठता था मन,
झटक कर सर,
कनखियों से देख,
जब चलती थी वो,
हाय.....घायल कर देती थी,
कहाँ होगी वो,
इतने सालों बाद भी,
भूलती नहीं,
परिचय नहीं था खास,
फर्क भी नहीं पड़ता उससे,
अपनी सी लगती थी,
कहाँ होगी वो,
इतने सालों बाद,
रम गई होगी,
अपने घर बार में,
बच्चों की देखभाल में,
सफेदी भी आ ही गई होगी,
बालों में,
नहीं.....
क्या कहते हो,
पता नहीं,
चलो जाने दो,
हमें जो याद है,
वही अच्छी है.....
वो सांवली सलोनी लड़की,
श्वांस छिद्रों से जिसके,
निकलता था धुआं।
