विजय गान।।


न सत्य है मिटा कभी, यदा कदा न सर्वदा।

न पाप पुण्य से बड़ा, न पाप जीतता सदा।

न आस आज टूटती, कि भोर एक झाँकता,

प्रसन्न गान गा रहा, कि मोर एक नाचता।


जवान वृद्ध बाल क्या, कली सजी है झूमती।

वृतांत हो रहा सही, ज़मीन व्योम चूमती।

नदी व ताल पोखरा, धरा व आसमान है।

चले सभी मलंग हो, अशेष जीत भान है।


प्रताड़ना न और हो, हमीं सभी सभी हमीं।

दशा नहीं व्यथा भरी, सदा यही कहे ज़मीं।

विषाद उम्र अल्प है, अनन्त हर्ष की कथा,

उमंग ढाल दर्द की, अजीत जीत सर्वथा।


मदान्ध कर्म दानवी, सचेत चेत ही चलो,

दिशा नहीं अगम्य है, बढ़े चलो नहीं ढली।

अज्ञानता तजे बढ़ो, अमोल ज्ञान मोल हो,

सटीक राह ध्यान हो, न कल्पना कपोल हो।


कवित्व बोध डूबती, न लेखनी थकी चली,

न ज्ञान सार भूलती, अबाध भाव है पली।

प्रमाण डाल शब्द में, नितांत भार झेलती, 

थमी न जीत गीत गा, अभेद्य दुर्ग भेदती।।


©रजनीश "स्वछन्द"