समर कहाँ अब शेष है।।

 

हुई पराजित मां बेटों से, समर कहाँ अब शेष है।

यौवनधार कुंद पड़ी, अस्थि-पंजर का अवशेष है।

 

गर्व करे मां किन पूतों पर,

किन बल वो हुंकार भरे।

स्वार्थलोलुप लज्जित सन्ताने,

किस पर वो श्रृंगार करे।

 

छाती का दूध रगों में पानी है,

ये कैसे वो अंगीकार करे।

था शिशु कभी रोता उर में,

अब बैठ मां चीत्कार करे।

 

आनंद जो था वास करे, हूआ वहीं अब क्लेश है।

हुई पराजित मां बेटों से, समर कहाँ अब शेष है।

 

देशप्रेम का पाठ कहाँ अब,

ये बस पुस्तक की शोभा है।

हिन्द हिन्द तो रहा नही,

छल कपट और धोखा है।

 

आंखों में नीर नहीं भरता,

ये दृश्य बड़ा ही अनोखा है।

रवानी जिस पे गर्व बड़ा था,

शोणित को शर्म ने सोखा है।

 

नीव रखी भरत ने जिसकी, क्या ये वही अब देश है।

हुई पराजित मां बेटों से, समर कहाँ अब शेष है।

 

©रजनीश "स्वछंद"