सच और झूठ- एक किस्सा
कोनों में सिसकतीं मांएं थीं, गोदों में बिलखते बच्चे थे,
जो बात सुनी थी भाषण में कितने झूठे कितने सच्चे थे।
सत्तर सालों की एक कहानी,
जो आज भी सच्ची लगती है।
दूर गरीबी है करनी हमको,
बस बातों में ही अच्छी लगती है।
कभी ठंढ तो कभी दोपहर,
सड़कों पे गरीब ही मरता है।
क्या फर्क पड़े उन कानों को,
जो सत्ता के करीब ही रहता है।
दो जून रोटी की खातिर,
घर क्या, तन भी बिक जाता है।
अंतड़ियों में पेट चिपकते,
फिर ईमान कहाँ टिक पाता है।
ज्ञान की बातें लगतीं तब अछि,
जब पेट मे रोटी होती है।
क्या बचपन क्या उनकी जवानी,
जिस तन सिर्फ लंगोटी होती है।
दादी मां के वो किस्से, अब लगता है कितने अच्छे थे।
जो बात सुनी थी भाषण में कितने झूठे कितने सच्चे थे।
नए दौर की नई चमक है,
विकास के हम भी पुजारी है।
पर कितनो का हमने पेट भरा,
दुनिया को कितनी सुधारी हैं।
किसान वही, वो मकान वही,
बस पेड़ों पे फंदे लगते हैं।
जिन साखों पे थी झूली बिटिया,
वो अब मौत के धंधे लगते हैं।
हर लम्हा एक नई कहानी,
वो धरती की दरारें कहती हैं।
एक नहर बने, तालाब बने,
ये तो सब सरकारें कहतीं हैं।
क्या बदला, कितना बदला,
रख दिल पे हाथ जरा बोलो।
धरती पे उतर कर देखो जरा,
बातों को हकीकत से तोलो।
सच की जो बुनियाद रखी थी सोचो कितने कच्चे थे।
जो बात सुनी थी भाषण में कितने झूठे कितने सच्चे थे।
©रजनीश "स्वछंद"
