मेरी ज़िद्द, मेरा जुनून।।।

 

वो मूक पत्थर सा रहा, था पथ मुझे दिखला रहा।

हर रात की है एक सुबह, दे बांग था सिखला रहा।

 

राह मुश्किल मंज़िलों की, थक कहीं रुकना नहीं,

राह धुंधली रही, बन किरण ओस था पिघला रहा।

 

हर राह के कांटे छंटे थे, कई गुल नए बिखरे मिले,

हर राह रौशन कर रहा, मानो तम था निगला रहा।

 

सीने में धधकता, बाज़ुओं में ओज बन कर दौड़ता,

अचूक भी अभेद्य भी, मानो तीर सा निकला रहा।

 

भेदता हर दुर्ग को, निर्भीक हो निष्ठुर बन शत्रुदलन,

विराट काया शस्त्रसज्जित रौद्ररूप दिखला रहा।

 

रक्तरंजित कर्मभूमि, व्यथित मन कुंठित क्रिया,

बन कृष्ण सा सारथी, सार गीता का सिखला रहा।

 

©रजनीश "स्वछंद"