मौत में लिपटी ज़िन्दगी।।


कैसे कहूँ क्या मिलन देखता हूँ,

जब भी सुनो मैं चमन देखता हूँ।


किसको रही क्या ख़बर तुम बताओ,

उजड़ा हुआ मैं वतन देखता हूँ।


अपने पराये नज़र भी न आये,

दुनिया यही बस चलन देखता हूँ।


खोता रहा अब तलक जो बचाया,

निर्झर बहे दो नयन देखता हूँ।


आँसू बने, जो पहर थे खुशी के,

ज़िंदा रहें बस जतन देखता हूँ।


बन्धन सभी हैं चटक टूट जाते,

जर्जर हुआ एक तन देखता हूँ।


अब दर्द क्या मैं बहुत ढो चला हूँ,

सहमा डरा एक मन देखता हूँ।


ऐ मौसम न बदलो ज़रा थम चलो,

बादल घिरा तो कफ़न देखता हूँ।


जलती चिताएं सुबह शाम दिन भर,

हर एक शय में रुदन देखता हूँ।


कोई उजाला सहर तो कहीं है,

सपने सुनो मैं गहन देखता हूँ।


©रजनीश "स्वछन्द"