मैं तेरा पिता।।

 

कष्ट मैं सारे सह लूंगा, तू बस आगे को बढ़ता जा।

पांव तले रख कंधा मेरा, तू पर्वत भी चढ़ता जा।

 

तेरा किस्सा है मेरा किस्सा, तू मेरा ही अक्स रहा,

हर बाधा तू हरता जा और नई कहानी गढ़ता जा।

 

किस्मत में बस मोती कहाँ, कुछ ज्वाला भी होती है,

आसान रहा जीवन किसका, कष्टों से तू लड़ता जा।

 

रख कागज़ तू ये कोरा नहीं, ले लेखनी हाथ उठा,

कुछ अपनी तू लिखता जा, कुछ औरों की पढ़ता जा।

 

हवनकुंड जीवन तेरा, यज्ञ की अग्नि से शोभित,

अंगारों की फिक्र न कर, कदम बढ़ा तू चलता जा।

 

वायु नहीं जो आग जगाए, रुधिरों में तेरा वास रहे,

बन सूरज तू हो रौशन, लिए प्रकाश तू जलता जा।

 

तुम पर दम्भ भरूँ मैं भी, मस्तक मेरा हो गर्व भरा,

मैं ढलने के द्वार खड़ा अब, तू सूरज सा चढ़ता जा।

 

©रजनीश "स्वछंद"