मैं मील का पत्थर हूँ।।

 

मैं सांझ का दीपक हूँ, सारी रात नहीं जल पाऊंगा।

मैं मील का पत्थर हूँ, तेरे साथ नहीं चल पाऊंगा।।

 

मैं पथद्रष्टा हूँ, तटस्थ खड़ा, 

शब्दों में मर्म बताता हूँ।

मैं साध्य नहीं, साधन भी नहीं,

शब्दों में कर्म बताता हूँ।

 

मैं संकेत का वाहक हूँ,

हूँ अब भी वहीं जहां कल को खड़ा था।

धूल रहा क्यूँ फांक रहा,

हूँ अब भी वहीं जहां कल को पड़ा था।

 

गीता कहो, कुरान कहो,

ग्रन्थ बन पन्नों में सिमटा जाता हूँ।

ना भाषा बोली ना कृत्यों में,

पड़ा पड़ा मिट्टी में लिपटा जाता हूं।

 

मैं तमद्वार का रखवाला,

तुम्हे पल पल सचेत कर जाऊंगा।

निर्जीव नहीं, जीव हो तुम,

तुम्हे अंतर्मन से श्वेत कर जाऊंगा।

 

निर्विकार प्रखर तेज हूँ मैं,

चेतन चिंतन तक अविरल संचार करूँ।

मैं शब्दबाण बन भेदूँ तम को,

बन जीवन मानस में मैं विहार करूँ।

 

आज जो तुमने दुत्कारा, लौट नहीं कल आऊंगा।।

मैं मील का पत्थर हूँ, तेरे साथ नहीं चल पाऊंगा।।

 

©रजनीश "स्वछंद"