क्या लिए साथ है तू जा रहा।।
बांध मुट्ठी आया था, खाली हाथ है तू जा रहा।
बांध यादों की पोटली, लिए साथ है तू जा रहा।
जिंदगी की बिसात पर, क्या लिया क्या दिया,
कुछ थी जीत भी, कुछ लिए मात है तू जा रहा।
हर जुबां पर नाम तेरा, कुछ बुरा कुछ नेक भी,
कुछ बातें छोड़, कुछ लिए बात है तू जा रहा।
मज़हबी उन्माद था, तू भी रहा मोहरा कोई,
अलहदा इन सब से, लिए जात है तू जा रहा।
राम कृष्ण पैगम्बर, ईशा कहो या ईश्वर कहो,
छोड़ सबके हाल को, लिए नाथ है तू जा रहा।
तुमने था बोया बीज जो, सींचता संजोता रहा,
छोड़ बंजर ये जमीं, लिए पात है तू जा रहा।
बन्द मुठी खोल दे, ये जग तेरा अपना ही है,
संग क्या लाया, जो लिए साथ है तू जा रहा।
ग़म को हंसी में तू बदल, दान कर जो पास है,
सारा जग रौशन लगे, लिए रात है तू जा रहा।
©रजनीश "स्वछंद"
