ख़ुद को भी एक ख़त लिख डालूँ।।   बैठ अकेला सोचा मैंने, ख़ुद को भी एक ख़त लिख डालूँ। जुगत बहुत ही लगाई मैंने, फिर सोचा क्या लिख डालूँ।   तन्हाई का दौर रहा, साया भी साथ नहीं देता, पांव फिसल जाए, अपना भी हाथ नहीं देता। किसे कहें हम अपना, खुद से भी तो पराये है, अस्तित्व नहीं अपनों का, रात में चलते साये हैं। हर मोड़ धोखे खाये, ख़ुद को भी छलता रहा, कलियां बिछीं राहों पे, अंगारों पे चलता रहा। अपने ख़ातिर जीने का वक़्त कहाँ से लाता मैं, ऐसी कोई घड़ी नही जिस पे कुछ लिख पाता मैं।   दर्द लिखूं या लिखूं खुशी, शब्द कैसा, क्या लिख डालूँ। बैठ अकेला सोचा मैंने, ख़ुद को भी एक ख़त लिख डालूँ।   शाम सवेरे रात दोपहर, कैसी कहानी गढ़ता हूँ, बैठ अकेले किसी कोने में ख़्वाबों को पढ़ता हूँ। क्या लिखूं मैं, सपना लिखूं या लिखूं हक़ीक़त, सच्ची कोई बात लिखूं, या लिखूं अपनी नीयत। सच से भी मैं डरने लगा, ख़ुद को छुपाये बैठा हूँ, अपनी ही कोई अमानत, मानो मैं चुराये बैठा हुँ। सच से था बेगाना, मैं बस झूठ परोसा करता हूँ, शक से था घिरा रहा कब खुद पे भरोसा करता हूँ।   उलझन कैसी आन पड़ी, कैसे ख़ुद का सच लिख डालूँ। बैठ अकेला सोचा मैंने, ख़ुद को भी एक ख़त लिख डालूँ।