कौन ज़हर बोता रहा।।
ज़द अपनी छोड़कर, आपा अपना खोता रहा,
है कौन सा इंसान बोलो, जो ज़हर बोता रहा।
रास आयी ना खुशी, दर्द का व्यापार है।
हंसी है चेहरे पे पर मन मे छुपा एक वार है।
हाथ मे फूलों की माला, आस्तीन तलवार है,
भूल क्यूँ जाते हैं हम, कलियुग का यही तो सार है।
दानव सड़क पे नाचे नँगा, देव खाट बीमार है,
फ़िज़ूल नही है शोर ये, ये तो एक चीत्कार है।
किसको फरक पड़ता यहां जो तू रोता रहा।
है कौन सा इंसान बोलो, जो ज़हर बोता रहा।
मां बहन और बेटियां सत्कार अपना मांगतीं,
कल तलक कुचली गईं, अधिकार अपना मांगतीं।
ना मिली जो कभी, हक दो-चार अपना मांगतीं,
मतलबी इस दुनिया मे, संसार अपना मांगतीं।
रहें मिलकर साथ सब, परिवार अपना मांगतीं,
बन देवी जो चढ़ा था, अब हार अपना मांगतीं।
हर पल आज क्यूँ सम्मान इनका खोता रहा।
है कौन सा इंसान बोलो, जो ज़हर बोता रहा।
है भूख का मज़हब नही, पेट तो लाचार है,
औरों के निवाले देख बस टपकती लार है।
क्या मनुज ये हैं नही, इनका क्या आधार है,
हक की बातें तो दूर, मिलती बस फटकार है।
सपना तो है इनका भी, कब कहां साकार है,
फिर बस, भूख और ईमान की टकरार है।
कैसा युवा दम्भ ये, जो पेट पकड़ सोता रहा।
है कौन सा इंसान बोलो, जो ज़हर बोता रहा।
©रजनीश "स्वछंद"
