कौन मरा है, कौन मरेगा।।
मौत तो आनी जानी है,
कौन मरा है, कौन मरेगा।
झूठ, पर सच ये कहानी है,
मौन खड़ा चुपचाप सहेगा।
आदत रही गुलामी की,
आवाज़ गले मे मूक पड़ी,
खूं की रवानी रही मगर,
चाहत थी चुपचाप खड़ी।
कौन किसे कब अपना माने,
स्वार्थ रहा हुंकार यहां।
अंधे बहरों की नगरी में,
कोई सुने किसी की पुकार कहाँ।
मैं लिख लिख हारा जाता हूँ,
शब्दों का मान बढ़ाने को।
मुरखीं की है फौज खड़ी,
कहाँ ज्ञान इनको समझाने को।
हर राह में धोखे खाते हैं,
आदत ये बहुत पुरानी है।
वादे तो बातें हैं बस,
सुनने में बहुत सुहानी है।
घर बैठे पेट नहीं भरता,
पशु भी जतन लगाता है।
हैं मनुज बने बेशर्म पड़े,
ये फ़र्क समझ नहीं आता है।
तुम मालिक तुम नायक हो,
जीवन पर है अधिकार तेरा।
कौन सुना है, कौन सुनेगा,
व्यर्थ रहा चीत्कार तेरा।
कल भी कुचले जाते थे,
हैं बदले नहीं हालात अभी।
कुछ तो बुरा भी लगता होगा,
जो कहता हूं सच्ची बात सभी।
तुम बदलोगे, सब बदलेगा,
कब कोई पैगम्बर आता है।
झूठ में जीना कैसा जीना,
कब धरती पर अम्बर आता है।
और कहूँ मैं क्या तुम बोलो,
बात रही काफी क्या नहीं।
गर बात मेरी है रही बुरी,
देदोगे थोड़ी माफी क्या नहीं।
©रजनीश "स्वछंद"
