कैसे किरदार मिले।।
मुझको भी कोई यार मिले,
अपनेपन का संसार मिले।
अब इधर उधर भी भटक लिया,
अपना कोई घरबार मिले।
मिलती मनचाही चाह नहीं,
महफ़िल माँगी दरबार मिले।
क्या क्या ख़्वाहिश मन पाले था,
कैसे कैसे किरदार मिले।
हर एक कदम हर डगर नगर,
मुझको देखो हर बार मिले।
जबतक गाया वंदन उनका,
तबतक थामे वो हार मिले।
नाटक था अपनेपन का भी,
जब नाम लिया बीमार मिले।
सच आज कहें सच जाना है,
दुनिया को हम बेकार मिले।
सपने भी थे अपने भी थे,
पर हाथ छुपा तलवार मिले।
अंधे बहरे बस लाश बने,
जो लोग मिले लाचार मिले।
©रजनीश "स्वछन्द"
