एक इंसान, ज़हर भरा।।


ज़हर कितना कहो घोलूँ, कि पत्थर भी पिघल जाये।

भरी है पाप से दुनिया, कि अजगर सी निगल जाये।।


बड़ा विषधर सुनो मैं हूँ, कभी मंदिर कभी मस्ज़िद।

हरा हूँ गेरुआ भी मैं, कि आदम भी फिसल जाये।।


सड़क भी मैं गली भी मैं, रहा बहता लहू बन के,

कहीँ धू धू जला है घर, कहीँ जां भी निकल जाये।


चला बन मौत मैं तेरा, कि नफरत ही सुहाती है,

परेशां हो भुला सब कुछ, कि मानव भी विकल जाये।


सुनो मैं आज कहता हूँ, चलो तुम आग से बच के,

ज़रा बारूद कम भरना, सुनो इतना न जल जाये।


अँधेरे के रहे साथी, चिता से शाम रौशन है,

सुबह भी रात के साये, कहीं सूरज न ढल जाये।


कभी हिन्दू बना फिरता, मुसलमां भी बना तू ही,

रहे तू ढूँढता ख़ुद को, कहीं बीता न पल जाये।


लगा जो आग तू चलता, जला है अक्स ही तेरा,

वतन तेरा रहे रोता, कहीं ऐसा न कल आये।


©रजनीश "स्वछन्द"