खो गया हो हर किसी का प्यार जैसे
सारे चेहरे हो गए अख़बार जैसे
दर्द सब का सब के चेहरों पर लिखा है
भीड़ बाज़ारों में, हो त्यौहार जैसे
खेत जैसी हो गयी दुनिया हमारी
आदमी यूँ हैं की पैदावार जैसे
सूखता जाता है हर दरिया का पानी
और सड़कें हो गयी मँझधार जैसे
मेरी फ़ुर्सत लफ़ज़ से यारी नहीं है
मुझको दिन मिलते नहीं इतवार जैसे
पहले तो इनका ही जलवा हर तरफ़ था
आज कल मिलते नहीं 'दिलदार' जैसे