प्यारे पापा कई दिनों से आपका फ़ोन नही आ रहा,
और पोस्टमैन भैया कोई लैटर भी नही ला रहा...
पापा रिजल्ट आया था परसों मेरा आपको बताना था,
पर में सेकंड आयी हूँ फिर सोनू को ही फर्स्ट आना था
और वो मुझको चिढा रहा था इस बातपर.. लेकिन
आपने सिखाया था न कि टाल दिया करो हँसकर...
मेरे अच्छे पापा आप मुझसे नाराज़ मत हों जाना,
मेरा वादा है मुझे अगली बार पक्का है फर्स्ट आना.
अब मैं डोरेमोन भी नही देखूंगी और न्यूज़ भी सुनूँगी,
पर पापा इसके बदले आपसे जो चाहिए वो सब लूँगी..
फिफ्थ की किताबें और नई ड्रेस भी दिलानी है अभी,
पुरानी किताबें मैने डोनेट कर दी और छोटी ड्रेस भी...
पापा मेरी मैजिक स्लेट के प्रॉमिस को मत भूल जाना,
और गुप्ता अंकल की दुकान से बार्बी स्टीकर भी लाना.
एक बात बताऊँ दादी के बैग से कल चीटियाँ निकली,
वो टॉफियाँ थी ना चींटियों ने उसी में सेंध थी लगाली.
एक चींटी तो छोटू भाई को भी खा गई वो खूब रोया,
वो बहुत बदमाश हो गया है इसलिए अच्छा ही हुआ...
जब भी मैं सो रही होती हूँ तो मेरी चोटी खींचता है,
मेरी कॉपी फाड़ देता है पर उसे कोई नही पीटता है
पापा पता है उसने मेरी गुड़ियाँ भी तार तार कर दी है,
एक सीक्रेट बताऊँ मैने भी उसकी कार पार कर दी है..
घर के पीछे मिट्टी में वो कार दबा कर आ गयी हूँ ,
ये बात किसी को नही पता बस आपको बता रही हूँ...
एक शिकायत और- मम्मी रात को गर्म दूध पिलाती हैं,
आप मम्मी को खूब डाँटना वो मुझपे रोज चिल्लाती हैं
आज सुबह से मम्मी गुमसुम हैं न खाया न पीया ,पर
न ही मैंने बदमाशी की है न छोटू ने पेन्ट ही भिगोया
मम्मी डरी हुई सी है आपका फ़ोन भी नही मिल रहा है,
आज टीवी सीरियल की जगह न्यूज़ चैनल चल रहा है
दादी भी वंही बैठी हैं जँहा आपका फौजी ड्रेस टंगा है,
मम्मी का क्यूट फेस आज रोंदू सा है कुछ तो पंगा है..
ये बताओ टीचर सुकमा के बारे में कुछ बता रही थी,
और मम्मी से आपका जिक्र करके चिंता जता रही थी.
आप वंही हो न पापा सबसे प्यारे फॉरेस्ट एरिया में,
वंही न जँहा पर मॉन्स्टर रहते हैं जंगल और दरिया में
मुझे पता है आप उन्हें ढिशुंग -ढिशुंग करके हरा देंगें,
और जल्दी घर आके मुझे सोती को पप्पी से जगा देंगे.
फिर टिमटिमाते तारों में सैनिक की कहानी सुनाओगे,
और साथ -साथ मेरी पीठ को भी हाथ से सहलाओगे
अब ये लेटर मैं भगवान जी को दे रही हूँ आपके लिए,
दादी कहती है जब कोई काम हो तो भगवान से कहें
मैं भगवान को इस काम के लिए डेरी मिल्क भी दूँगी,
और वापस आकर वो गंदा सा गर्म दूध भी पी लूँगी...
आप जल्दी से घर आ जाओ फिर सारी बात करेंगें,
खाना- पीना,खेलना पढ़ना सब साथ- साथ करेंगे।