तुम्हारी याद में


तुम्हारी और मेरी सोच में

बस फ़र्क़ है इतना

कि तुम मुझे याद करती हो

और मैं तुम्हें सोचता हूँ।


तुम्हारे और मेरे भोर में

बस फ़र्क़ है इतना

कि तुम मुझे अपनी याद दिलाती हो

और मैं तुम्हें कभी भूलता नहीं।


तुम्हारी और मेरी रातों में

बस फ़र्क़ है इतना

कि तुम खो जाती हो सपनों में

और मैं जग-जग के सोता हूँ।


जब तुम मिलती हो गले मुझसे,

तुम्हें मिलती है उष्णता,

उपचार होता है मन की पीड़ा का,

और मेरी रूह को मिलता है सुकून।


तुम्हारी और मेरी कहानियों में

बस इतना फ़र्क़ है,

कि तुम सँवारती रहती हो मेरी यादों को,

और मैं तुम्हारी यादों को जीता हूँ।