तुम बदल गए हो, पर ज़माना वही है,

किरदार बदल गए हैं, पर किस्सा वही है।


ओस की बूँदें अब भी हैं फूलों पर, क्यारियों में,

पर तुम नहीं जाते वहाँ, अब दिल दीवाना नहीं है।


बारिश हो रही है झमाझम, ऐ मेरे यार,

तुम कश्ती नहीं चलाते, पर जलधारा वही है।


माना कि अब नहीं कुएँ, बावड़ी, पनघट,

पर गाँव से शहर की, वही राह वहीं है।


महफिलें और मजलिसें अब भी सजती हैं,

पर जहाँ तुम नहीं जाते, वो मयखाना वही है।


हर शाम की तलब आँखों में अब भी है,

मंदिर वही है और मधुशाला भी वही है।


काबिले-गौर एक और बात है, मेरे राज,

हम कहीं भी हों, पर हमारे इश्क़ का फ़साना वही है।