सरिता- नदी और नारी
मैं सरिता,
मैं चंचला,
बहती रहती हूँ
कल-कल।
ना तट मेरे,
ना घाट मेरे,
वो भी बस नाम के मेरे।
बूँदे जल की,
मैं सागर की,
पर सागर किसका?
मेरे से जन्मने वाले,
मेरे साँसों से जीने वाले,
वो भी कहाँ मेरे।
निर्मल शीतल,
मैं प्रवाहिणी।
कितना मैल
समेटती,
मन का भी,
तन का भी,
उफ तक ना करती,
बस बहती रहती,
सिंधुगामिनी।
कितना कचरा,
कितना पाप,
मैं निष्पाप,
सब झेलती।
मेरा प्रवाह,
मेरा जीवन,
तुम घोंट देते हो मेरी साँसे,
बड़े-छोटे बांध,
खड़ी करते हो अट्टालिकाएँ,
मेरा अवरोध।
और जब मैं तोड़ती हूँ
अपनी सीमाएँ,
तो तुम कोसते हो मुझे।
मैं सरिता,
कितनी प्रताड़ना,
कितना अत्याचार,
कितना जुल्म,
कितने बलात्कार
सहती हूँ मैं,
फिर भी बहती हूँ मैं।
