सारथी
भीम क्या कमजोर थे?
क्या अर्जुन में ना था बाहुबल?
युधिष्ठिर में पराक्रम ना था?
या बुद्धिहीन थे सहदेव-नकुल?
कृष्ण फिर भी चाहिए था
पाण्डु पुत्रों को सारथी।
उनके बिना क्या जयघोष होता?
क्या उतरती आरती?
तुम भी ना पौरुष विहीन,
ना युद्ध कौशल से रहित।
सैन्य, अस्त्र-शस्त्र, लाव-लश्कर,
भातृ-मित्र हैं सब सहित।
फिर भी तुमको चाहिए
एक कुशल महारथी,
जो मनोबल क्षीण हो,
अपनों पर लक्ष्य साधते,
युद्ध धर्म सिखलाए जो,
श्री कृष्ण जैसा सारथी।
