राम राज्य फिर आएगा


तपकर लोहा बनना होगा,

सोने जैसा निखरना होगा।

आसमान को छूना है तो,

दरियाँ पार निकलना होगा।


बाधाएँ पग-पग पर होंगी,

काँटों पर भी चलना होगा।

रोशन जग को करना है तो,

दीपक जैसे जलना होगा।


एक तरफ़ झंझावत होंगे,

रूढ़िवादी पंचायत होंगे।

एक तरफ़ विज्ञान खड़ा है,

लोकतंत्र अधिनायक होंगे।


इतिहास का साक्ष्य लिए तुम्हें,

हिमालय जैसे दृढ़ रहना।

हिम्मत हो अटल तुम्हारी,

रणक्षेत्र में डटकर लड़ना।


सत्य पराजित हो नहीं सकता,

विजय अधर्म की होती नहीं है।

लोकहित का भाव जहाँ हो,

बुझती ऐसी ज्योति नहीं है।


जीत तुम्हारी होगी प्रियवर,

विजय मुकुट तव मस्तक होगा।

फिर से दिवाली होगी जगत में,

राज तिलक जब तेरा होगा।


मिट जाएगा अंधियारा,

राम राज्य फिर आएगा।

भारत माँ का एक-एक बच्चा,

तब अच्छी शिक्षा पाएगा।