हाँ, ये दलदल है


हाँ, ये दलदल है,

गलती से कदम पड़े,

फँसते चले जाते हैं,

नीचे, इंच दर इंच।


समा जाता है पूरा वजूद,

एक गहरे अंधकार में,

घुट जाती हैं साँसे,

कीचड़ बस कीचड़।


कान में, आँख में, नाक में,

रुद्ध हो जाती हैं इंद्रियाँ,

खो जाती हैं देखने, सुनने,

और समझने की शक्ति।


हो जाते हैं संवेदनहीन,

बस आभास रहता है,

गंदे बदबूदार कीच का,

इंसानियत मर जाती है।


मर जाते हो तुम,

एक छोटी सी गलती से,

एक गलत कदम से,

ठहाके लगाकर हँसते हैं।


वो सभी जो हमसाया थे,

हमसफर थे या हमराह,

कुछ चढ़ जाते हैं,

तुम्हारे कंधों पर।


ताकि बचा रहे उनका अस्तित्व,

लोभ छूटता नहीं कुर्सी का,

जिसके चारों पायों में होती हैं लाशें,

ईमान की, सत्य की, नैतिकता और भावनाओं की।


अनेकों के अनेक सपनों को रौंदकर,

आगे बढ़ती है सत्ता की भूख,

ले आती है राजनीति के दलदल तक।


इस घोर पतन के चरमोत्कर्ष पर

जागती है चेतना,

जब त्राहिमाम करने लगती है

धरती की वेदना।


होता है जनाक्रोश,

अँधेरे में दिखती है

एक लौ,

चल पड़ते हैं लोग।


एक के पीछे एक,

नेस्तनाबूद करने, दलदल

लेकर अपने हाथ में

फावड़े, कुदाल, बाल्टी और झाड़ू।


हल्की सी रोशनी में

तलाशते हैं सूरज,

साफ़ होने लगता है तालाब,

फिर होती है सुबह।