कई सालों बाद,
मैं फिर से उसकी तलाश में गया,
उस आंवले के पेड़ की।
क्या अब भी उस पर फल लगते हैं,
जहाँ मैं और तुम,
इंतजार करते थे,
कुछ आंवलों के गिरने का,
और हम मिलकर खाते।
तुम्हारे लंबे बाल आज भी याद हैं,
कुएं से पानी निकालना याद है,
कुएं की रस्सी और तुम्हारे बालों की वेणी,
सब कुछ याद है।
क्या तुम्हें याद है,
कॉलेज की वॉल मैगजीन में प्रकाशित
मेरी पहली कविता,
अंग्रेजी मैम का कौतूहल,
किसके लिए लिखी है यह कविता?
आज भी शायद उठेगा,
यह सवाल,
किसकी याद में यह कविता?
कविता भले ही याद नहीं,
शीर्षक आज भी याद है,
'द रिवॉल्विंग आइज़'।
अंग्रेजी कविता,
आजकल हिंदी और असमिया में लिखता हूँ।
वही मन, वही मैं और तुम भी,
भाषा मन नहीं बदल सकती,
कविता भी वही रहती है।
जीवन में प्रेम की अनुभूति के पात्र
बहुत हो सकते हैं,
लेकिन प्रेम वही रहता है।
प्रेम अनंत, असीम है,
तुम्हारे चेहरे पर हमेशा रहने वाली,
सुंदर मुस्कान ही,
मेरा प्रेम है।
कुशल रहो,
ऐसे ही मुस्कुराती रहो,
ओ मेरे मन की चिरैया ,
मेरी सोना।
