माँ होती हैं बेटियाँ


दुख, तकलीफ़, दर्द

सबसे पहले समझती हैं बेटियाँ।

डाँट-डपटकर,

समझा-बुझाकर,

दवा खिलाती हैं बेटियाँ।

एक-एक साँस से मात-पिता को

देती हैं दुआएँ बेटियाँ।

माँ होती हैं बेटियाँ।


चूल्हा-चौका, झाड़ू-पोछा

करके भी पढ़ती हैं बेटियाँ।

चंचल, नटखट,

माँग-मनौवल,

घर की रौनक होती हैं बेटियाँ।

होली, दिवाली,

ईद, दूज, तीज और राखी

रंगोली जैसी बेटियाँ,

नीरसता में रस भर जातीं,

घर महकातीं,

फूलों जैसी बेटियाँ।

ढाँढस देतीं,

समझातीं-बुझातीं,

माँ होती हैं बेटियाँ।


बिहू, बैसाखी, भांगड़ा, गिद्दा,

ओणम जैसी बेटियाँ,

सबको खिलातीं,

फिर है खातीं,

माँ होती हैं बेटियाँ।


प्यार-दुलार,

घर-संसार,

सागर जैसे हृदय वाली,

हँसती-सहती बेटियाँ,

माँ होती हैं बेटियाँ।