मैंने कुछ पुस्तकें पढ़ी हैं,

इसलिए ज्ञान मेरे अंदर ही समाया है।

मैकाले की अंग्रेजियत मेरे रगों में है

और मैं तुमसे जुदा हूँ, सबसे जुदा हूँ।

एक अलग सा व्यक्तित्व हूँ, मैं सरकारी अफसर हूँ।


तुम सब जो आते हो मेरे कार्यालय,

मेरे चपरासी से हुड़की खाते हुए,

मेरे सामने रखी कुर्सी पर बैठने की इजाजत नहीं है तुम्हें

बिना मुझे सलाम किए।


मैं पता नहीं कितनों की भीड़ को रौंदकर इस पद तक पहुँचा हूँ, इसलिए इस पद की गरिमा है।

हमें भी तो झुकना पड़ता है,

खादी पहने या बिना पहने नेताओं के सामने,

उनके रिश्तेदारों, रसूखदार व्यवसायियों के सामने।

कभी-कभी तो गुंडे भी रसूखवाले होते हैं,

तो तुम भी झुको मेरे सामने, नतमस्तक रहो।


हम क्या करें, वही सही है।

तुम्हारा कोई अधिकार? जो हम दें वही तुम्हारा।

तुम्हारा काम? जब हम करें तभी होगा।

हमारी मर्जी नहीं, वो तो रब की मर्जी है।

क्योंकि तुम आम आदमी हो, तुम जनता हो और हम सरकार।

मैं तुमसे जुदा हूँ, सबसे जुदा हूँ।

मैं अलग सा व्यक्तित्व हूँ, मेरी रगों में है मैकाले की अंग्रेजियत।


मैं क्यों सोचूं कि क्या हो रहा है तुम्हारे साथ?

मैं क्यों सोचूं कि क्यों चूल्हा नहीं जला तुम्हारे घर?

मैं क्यों सोचूं कि नकली दवा या नकली शराब से क्यों मरते हो तुम?

मैं क्यों सोचूं कि व्रत का आटा और मावा छेना दूध भी क्यों नकली होने लगा है?

मैं क्यों सोचूं कि देश का राजस्व कहाँ खर्च हो रहा है?

मुझे तो ये सोचने से ही फुर्सत नहीं, मेरे आका तक कितना पहुँचाना है।

मैं क्यों जवाबदेह बनूं किसी कानून का?

मैं तो खुद कानून हूँ, क्योंकि मेरी रगों में अंग्रेजियत है मैकाले की।


और मैं तुमसे जुदा हूँ, सबसे जुदा हूँ।

जनता का दुःख दर्द मैं समझता हूँ,

तभी तो हर रेल दुर्घटना के बाद या बम ब्लास्ट के बाद मुआवजा तो देता हूँ।

अब कितना दूं, ये तो हमारी मर्जी है।

दया पर कोई हक़ तो नहीं होता।

और मैं ये क्यों सोचूं, रेल दुर्घटना क्यों हुई, बम क्यों फटा?

आप खुद कीजिए अपनी सुरक्षा।

क्यों आप उम्मीद रखते हैं हमसे?

क्या आप नहीं समझे अब तक, मैं तुमसे जुदा हूँ, सबसे जुदा हूँ।

मैं अलग सा व्यक्तित्व हूँ, मेरी रगों में है मैकाले की अंग्रेजियत।